धमसी डिहवा गांव में मंगलवार रात चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक समेत तीन लोगों के घरों में धावा बोलकर नकदी और जेवरात समेत पांच लाख की संपत्ति उड़ा ली। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पयागपुर के धमसी डिहवा गांव में सेवानिवृत्त शिक्षक विद्याधर तिवारी के घर छत के सहारे चोर घुस आए। ऊपर के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे दो लाख रुपये के जेवर, सात हजार रुपये नकद समेत कपड़े और बर्तन पर हाथ साफ कर दिया। उसके बाद चोरों ने विजय बहादुर त्रिपाठी के घर में भी छत के सहारे प्रवेश किया। यहां 21 हजार रुपये, एक लाख के जेवरात, बक्सों से नये कपड़े और बर्तन चोरी कर लिए। पड़ोसी रामउजागर के घर में भी चोरों ने धावा बोलकर 10 हजार रुपया, एक लाख से अधिक के जेवरात समेत अन्य सामान पार कर दिए।
सुबह परिवार के लोग जब उठे तो घर का सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। तीनों घरों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए। एक ही रात पड़ोस के तीन मकानों में चोरी की वारदात से ग्रामीण भी सहम गए हैं। चोरी की सूचना थाने पर दी गई है लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है। थानाध्यक्ष संजय दूबे का कहना है कि हलका सिपाहियों को मुआयना के लिए मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।