बहराइच। किसान पीजी कॉलेज में संचालित एलएलबी की परीक्षा के दौरान सोमवार को पांच और नकलची पकडे गए। पकड़े गए नकलचियों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। केंद्र व्यवस्थापक प्रोफेसर सक्सेना ने बताया कि सुबह की पाली में एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान कुल पांच नकलची पकड़े गए। पकड़े गए नकलचियों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर विश्वविद्यालय भेज दी गई हैं।
सहायक केंद्र व्यवस्थापक प्रोफेसर उस्मान ने बताया कि इस कॉलेज में विगत 19 मार्च से संजीवनी विधि महाविद्यालय तथा कलावती महाविद्यालय की परीक्षा संचालित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन 22 नकलची पकड़े गए। दूसरे दिन 10 और तीसरे दिन 12 नकलचियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। शनिवार को तीन नकलचियों के पकड़े जाने की सूचना रही। अब सोमवार को पांच नकलचियों के पकड़े जाने से नकलचियों की संख्या 50 पार कर गई।
अब दो दिन की परीक्षा शेष बची है। 26 मार्च को परीक्षा का अंतिम दिन है। परीक्षा को सकुशल संचालित कराने के लिए कॉलेज के परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के साथ परीक्षा नियंत्रण कक्ष में छह प्रोफेसर व असिस्टेंट प्रोफेसर की तैनाती की गई है।