बहराइच। दरगाह क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने गुल्लावीर काॅलोनी निवासी तीन लोगों पर दुष्कर्म करने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और सुलह न करने पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी धर्म परिवर्तन न करने पर उनकी बेटे सहित हत्या की धमकी दे रहे हैं।
महिला ने एसपी को सौंपे पत्र के माध्यम से गुल्लावीर काॅलोनी निवासी असलम और फतेह खान व मोहम्मद इरफान पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घटना के बाद दरगाह थाने में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने असलम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन दो अभियुक्त अभी भी बाहर घूम रहे हैं।
महिला का कहना है कि करीब तीन माह बाद जेल से जमानत मिलने के बाद असलम ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए उत्पीड़न करना शुरू कर दिया है। महिला का आरोप है कि बीते एक अप्रैल को सभी ने घर में घुसकर मारपीट की थी। दरगाह थाने की पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नही की है।
महिला का आरोप है कि असलम जबरन शादी कर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। धर्म परिवर्तन न करने पर बेटे सहित उनकी हत्या करने की धमकी दी है। महिला ने एसपी से घटना का संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।