खैरीघाट थानाक्षेत्र के एकघरा गांव में लगी आग से जला मकान।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। एकघरा गांव में शौचालय निर्माण को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठियां चली। विवाद बढ़ा तो घर मेें आग लगा दी गई। अग्निकांड में छह घर जलकर खाक हो गए। नगदी समेत लाखों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के एकघरा गांव निवासी जगदीश प्रसाद गुप्ता पुत्र कल्लूराम का आरोप है कि गांव के कुछ विपक्षी जमीन पर मंगलवार की सुबह जबरदस्ती शौचालय निर्माण करवा रहे थे। जब इसका विरोध किया गया तो सभी लाठी-डंडों से लैस होकर आ धमके और बिना कुछ बातचीत हम लोगों को पीटने लगे। हमलावरों से जान बचाने के लिए घर में भागे तो वहां भी घुसकर सब लोगों को पीटा। मारपीट में पत्नी व बेटी समेत चार लोग घायल हो गए।
आरोप है कि जाते समय झोपड़ी के मकान में आग लगा दी। जिससे झोपड़ी के अलावा आसपास के पांच और मकान जलकर खाक हो गए। सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष विमलेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से आक्रोशित लोगों को समझाते हुए मामले को शांत कराया। विवाद कर रहे दो लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष विमलेश सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। प्रथम दृष्ट्या जांच में सामने आया है कि रास्ते की जमीन पर निर्माण की बात को लेकर विवाद बढ़ा था। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।