खैरीघाट थाना क्षेत्र के लोनियनपुरवा गांव में सोमवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 18 मकान जल गए। अग्निकांड में एक बाइक और एक लाख रुपये जलने के साथ ही दो बकरियों की झुलसकर मौत हो गई है। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है।
नानपारा तहसील क्षेत्र के खैरीघाट थाना अंतर्गत लोनियनपुरवा गांव निवासी सुमिरन लोनी की रविवार की रात मौत हो गई थी सोमवार को उनके अंतिम संस्कार के लिए गांव के अधिकतर लोग गांव से बाहर बाग में गए हुए थे। इसी दौरान गांव में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें देखकर गांव के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में गांव आए गिरधरपुर निवासी ओमप्रकाश की बाइक जल गई, जबकि गांव निवासी देशराज और मन्नू का मकान जलने के साथ 50-50 हजार रुपये नकदी भी राख हो गई। वहीं गांव निवासी रामशंकर की दो बकरियों की भी झुलसकर मौत हो गई।
आग से गांव निवासी गोपाल, सुखी, दूबर, त्रिभुवन, जिलेदार, मिंटू, घूरे, केवलराम, आल्हा, विनोद, सूरत, परशुराम, इंद्रसेन व परशू के मकान व उनमें रखा सारा सामान जल गया। अग्निकांड में छह लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने पर गांव पहुंचे लेखपाल अनुज श्रीवास्तव ने अग्निकांड से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील को भेज दी है। लेखपाल ने बताया कि अहेतुक सहायता का वितरण जिला प्रशासन से मिलने के बाद किया जाएगा।