धनसरी मदारपुर से पंचायत भवन तक आज भी कच्चे मार्ग से लोगों को आवागमन करना पड़ता है। इस बदहाल मार्ग पर बारिश में जलभराव से आवागमन ठप हो जाता है। इससे गुस्साए किसानों ने रविवार को प्रदर्शन किया और डीएम को पत्र भेजकर मार्ग को डामरीकृत या आरसीसी बनवाने की मांग की है। साथ ही दो माह में सड़क पक्की न बनने पर ग्रामीणों ने बीडीओ कार्यालय घेराव की चेतावनी दी है।
जरवल विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत धनसरी के मजरा मदारपुर में पंचायत भवन से कच्चा मार्ग शुरू हो जाता है। इस मार्ग पर धूल व गड्ढों के बीच लोगों को आना-जाना पड़ता है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला मीडिया प्रभारी अशोक मिश्रा अन्ना ने कहा कि ग्राम पंचायत धनसरी से मदारपुर पंचायत भवन तक जाने वाला मार्ग मिट्टी का बना है। यह मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
बारिश के मौसम में मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप होता जाता है। मार्ग निर्माण के लिए कई बार बीडीओ जरवल ने सर्वे कराया, लेकिन आज तक प्रशासन ने सड़क का निर्माण नहीं कराया। इसी मार्ग से गांव के साथ पड़ोस के ग्रामीणों का भी आवागमन होता है। अभी तक पंचायत भवन में बिजली की भी व्यवस्था नहीं है।
किसानों ने इन समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी ने चेतावनी दी कि अगर दो माह में मार्ग को आरसीसी या सीमेंटेड मार्ग नहीं बनाया गया तो किसान जरवल के खंडी विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर संजय सिंह, प्रदीप कुमार निषाद, शमशेर सिंह, नंदलाल वर्मा, रामउदित, मनोज कुमार, तिलकराम, फिरोज खान आदि मौजूद रहे।