पयागपुर के कोट बाजार में शॉट सर्किट से दुकान में लगी आग से जला सामान।
पयागपुर (बहराइच)। कोट बाजार स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान में मंगलवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, दुकान में मौजूद लाखों के कपड़े जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
पयागपुर निवासी निजामुद्दीन की कोट बाजार चौराहे पर न्यू इंडिया फैशन शो नाम से रेडीमेड कपड़े की दुकान है। मंगलवार को रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इस दौरान रात लगभग एक बजे उनकी दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। पड़ोसी किशन ने इसकी सूचना निजामुद्दीन को दी तो वह परिवार के साथ दौड़ते हुए दुकान पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को भी दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पीड़ित निजामुद्दीन ने बताया कि आग से पांच लाख से अधिक के कपड़े जलकर राख हो गए। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।