06 बीएचआर 18 - पयागपुर के हटवागोपाल में लगी आग से जला मकान।
- फोटो : BAHRAICH
पयागपुर (बहराइच)। हटवा गोपाल गांव में शनिवार सुबह दो मकानों में आग लग गई। आग से मकान में रखी नकदी समेत गृहस्थी का सामान राख हो गया और लपटों की चपेट में आकर दो मवेशी भी झुलस गए। बालिकाओं ने गांव निवासी एक व्यक्ति को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है।
पयागपुर थाना अंतर्गत हटवा गोपाल गांव निवासी बड़कऊ पुत्र रामदास के मकान में शनिवार सुबह 11 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से बड़कऊ के मकान में रखा आवास निर्माण का 10 हजार रुपये नकदी व गृहस्थी का सामान राख हो गया। वहीं लपटों की चपेट में आकर दो गायें झुलस गईं। लपटों ने पड़ोसी बाबूलाल के मकान को भी आगोश में ले लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पशु चिकित्सक डॉ. बीएन त्रिपाठी ने झुलसे मवेशियों का इलाज किया। अग्निकांड में लगभग ढाई लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। बालिकाओं ने गांव निवासी एक व्यक्ति पर आग लगाए जाने की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया है। एसओ ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आग लगने से दोनों परिवार के लोग खुले आसमान तले रहने को विवश हैं।