06 बीएचआर 04 - हुजूरपुर पुलिस द्वारा पकड़ी गई अवैध शराब फैक्ट्री के साथ आरोपी।
- फोटो : BAHRAICH
हुजूरपुर (बहराइच)। पंचायत चुनाव के लिए तैयार की जा रही नकली शराब की धरपकड़ में पुलिस ने एक फैक्टरी पर छापा मारा। यहां से सैकड़ों लीटर नकली शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस लिखी गाड़ी व शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
हुजूरपुर थानाध्यक्ष आरपी यादव को सूचना मिली कि पैना गांव में नकली शराब बनाने के लिए फैक्टरी लगाई गई है। इस पर उन्होंने दलबल के साथ आबकारी निरीक्षक दिनेंद्र सिंह को साथ लेकर छापा मारा। मौके से तैयार की गई नकली शराब की 351 शीशी, 130 लीटर मिलावटी शराब, नौशादर, यूरिया, क्यूआर कोड, खाली शीशी, ड्रम व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। आरोपियों की पहचान राजा सिंह उर्फ सत्यम सिंह व पांचू निषाद के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष हुजुरपुर, आरपी यादव ने बताया कि आरोपियों नेे पूछताछ में बताया कि वे शराब बनाकर महंगे दामों में बेचते थे। अच्छा मुनाफा मिलने पर उनके मन में लालच आया और नकली शराब बनाने की फैक्टरी ही डाल दी। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को दिल्ली नंबर की कार भी बरामद हुई। उस पर पुलिस लिखा था। माना जा रहा है कि नकली शराब बनाने के बाद तस्करी करने के लिए यही गाड़ी इस्तेमाल की जाती है, जिससे चेकिंग के दौरान गाड़ी को कहीं रोका न जाए।