बहराइच। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत चयनित महिलाओं को लाभ नहीं दिया गया। आईजीआरएस पर शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों ने सभी के खाते में रुपये भेजने की रिपोर्ट लगा दी, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी महिलाओं के खाते में रुपया नहीं पहुंचा। शिकायत कर्ता महिलाओं ने बढ़ैया कला उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम पर रुपये भुगतान के बदले रिश्वत लेने का भी आरोप लगाया है।
केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने वाली महिलाओं को छह हजार रुपये का लाभ मिलता है। इसके लिए महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के साइट पर रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। महिलाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा दिया है, लेकिन अभी तक महिलाओं के खाते में योजना का रुपया नहीं पहुंचा है। जबकि महिलाएं एक वर्ष से योजना का लाभ पाने के लिए सीएचसी और उप स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर लगा रही हैं। बलहा विकास खंड अंतर्गत अमवा हुसैनपुर सीएचसी में संगीता, रेनू, हकीकुन, मदीना समेत 22 महिलाओं के खाते में योजना का लाभ नहीं पहुंचा है।
पात्र महिलाओं का कहना है कि योजना का लाभ दिलाने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र बढ़ैया कला पर तैनात एएनएम आशा देवी ने एक-एक हजार रुपये लिया है। इसके बावजूद महिलाओं के खाते में योजना की धनराशि नहीं भेजी गई है। महिलाओं ने इसकी शिकायत मुख्य चिकित्साधिकारी से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान महिलाओं ने एएनएम की शिकायत और योजना का लाभ न मिलने की शिकायत आईजीआरएस पर पर कर दी। फिर भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई शून्य है।
दूसरी बैंक में दिखा दिया भुगतान
शिकायत कर्ता दिनेश कुमार ने आईजीआरएस पर एएनएम द्वारा घूस लेने के बाद भी रुपये खाते में न भेजे जाने की शिकायत की गई। 22 सितंबर को एएनएम आशा द्वारा स्पष्टीकरण देते हुए आर्यावर्त बैंक का खाता लगाते हुए रुपये भेजे जाने की बात लिखी। जबकि पीड़ित का कहना है कि एएनएम की आख्या पूरी तरह से गलत है। उसका खाता बैंक आफ बड़ौदा शाखा में हैं।
जांच से असंतुष्ट दिखी महिला
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ से वंचित संगीता ने आईजीआरएस पर 25 सितंबर को शिकायत की। सीएमओ ने बलहा पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को जांच सौंपी। 10 अक्तूबर को एएनएम द्वारा गलत आख्या दे दी गई। शिकायत कर्ता से कोई संपर्क ही नहीं किया गया। विभागीय उदासीनता से संगीता काफी नाराज दिखी। उसने कहा कि बिना भुगतान के ही एएनएम को महकमा बचाने में लगा हुआ है।
अधीक्षक की रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
अमवा हुसैनपुर पीएचसी के अधीक्षक से एएनएम के विरुद्ध हुई शिकायत की रिपोर्ट तलब की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए विभाग की ओर से प्रचार प्रसार भी करवाया जा रहा है। -डॉ. एसके सिंह सीएमओ