निशानगाड़ा रेंज के नवीनपुरवा में वन विभाग द्वारा पिंजरे में कैद तेंदुआ।
- फोटो : निशानगाड़ा रेंज के नवीनपुरवा में वन विभाग द्वारा पिंजरे में कैद तेंदुआ।
मिहींपुरवा। कतर्नियाघाट सेंक्चुरी क्षेत्र के निशानगाड़ा रेंज से सटे नवीनपुरवा गांव में लगभग एक सप्ताह पहले तेंदुए ने एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वनकर्मियाें ने गांव के पास पिंजरा लगाया था। शनिवार रात मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।
नवीनपुरवा गांव में बालक पर हमला कर उसे जख्मी करने के बाद मादा तेंदुआ जंगल की ओर भाग गई थी, लेकिन वनकर्मियों को गश्त के दौरान गांव के समीप उसके पगचिह्न देखने को मिल रहे थे। ग्रामीण भी दोबारा तेंदुए का हमला होने की आशंका व्यक्त कर रहे थे। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की अपील की थी। इस पर वनकर्मियों ने तेंदुए के पगचिह्नों के आधार पर गांव के पास पिंजरा लगाया था।
शनिवार को गांव में शिकार की तलाश में पहुंची मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वनकर्मी मादा तेंदुए को लेकर रेंज कार्यालय पहुंचे। वहां चिकित्सकीय टीम ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मादा तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। डीएफओ कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित ने बताया कि मादा तेंदुए के कैद होने ही सूचना प्रमुख वन संरक्षक को भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे उसके प्राकृतवास में सुरक्षित रूप से छोड़ा जाएगा।