शहीद पार्क पर कैंडल जलाकर विरोध प्रदर्शन करते वजीरबाग मोहल्ले से आए लोग। -संवाद
रिया हत्याकांड : वाल्मीकि समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेसी
बहराइच। बीते रविवार को सौतेले पिता द्वारा गला रेत कर अपनी बेटी की हत्या कर दी गई थी। जिसके विरोध में शनिवार की रात वाल्मीकि समाज की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान शहर की सड़कें हत्या के आरोपी पिता को फांसी दो, मृतका तानी उर्फ रिया को न्याय दो, न्यायालय संज्ञान लो...आदि नारों से गूंज उठीं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला वजीरबाग काॅलोनी निवासी तानी उर्फ रिया वाल्मीकि (15) की बीते रविवार उसके सौतेले पिता संतोष ने चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। लेकिन शनिवार की रात इस निर्मम हत्याकांड को लेकर वाल्मीकि समाज का गुस्सा फूट उठा।
मृतका की मां पिंकी, मामा मनीष, छोटी बहन साक्षी, भाई पूरब, अमन, रवि, चाचा रंजीत, चाची ममता आदि के साथ सैकड़ों की संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग सड़कों पर उतरे। इस दौरान सभी ने नारेबाजी करते हुए हत्यारोपी पिता को फांसी देने की मांग की। साथ ही प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट पर चलाते हुए जल्द से जल्द फैसला लाने की गुहार लगाई।