मिहींपुरवा ब्लाक मुख्यालय पर विद्युत अव्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
मिहींपुरवा। बलहा विधानसभा क्षेत्र में बदहाल बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवाओं का आमरण अनशन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार देर शाम मिहींपुरवा विकास खंड मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक स्थल पर शुरू हुआ आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा।
आंदोलनकारियों ने साफ कहा कि जब तक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती, ओवरलोडिंग और जर्जर विद्युत उपकरणों की समस्या बनी हुई है। इन समस्याओं को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत पत्र, ज्ञापन और प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
15 दिन से बिजली ठप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मटेरा। सरैया गांव में 15 दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण ग्रामीणों को बिजली व पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। दो सप्ताह से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों का कहना है कि दिन भर उमस भरी गर्मी रहती है तथा रात के समय अंधेरे में जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। विद्युत कटौती के कारण ग्रामीणों को चोरों इत्यादि का भी भय रहता है। कई बार इसकी शिकायत विद्युत विभाग से की गई लेकिन विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इस दौरान ग्रामीण राकेश कुमार, मदनलाल, कुबेर तथा अनिरुद्ध कुमार आदि लोग मौजूद रहे।