फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: तराई में जंगल से आबादी तक टूटा बारिश का कहर

विज्ञापन
पेड़ गिरने से टूटा बिजली का खंभा व जंगल के रास्ते पर हुआ जलभराव।
विज्ञापन
बहराइच/बिछिया/पयागपुर। तराई में रुक-रुककर हो रही भारी बारिश ने रविवार को जनजीवन की रफ्तार थाम दी। कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में कच्चे रास्ते घुटनों तक पानी में डूब गए, वहीं पयागपुर की नई बस्ती में बारिश के दौरान इमली का विशाल पेड़ गिरने से तीन विद्युत पोल टूट गए। इससे जंगल में ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होने के साथ ही बिजली भी गुल हो गई।मौसम के लगातार बिगड़े रहने से ग्रामीण इलाकों में भी जलभराव और अन्य समस्याएं बढ़ने लगी हैं।
विज्ञापन


जिले में रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते शहर के घसियारीपुरा, नौवागढ़ी, बक्सीपुरा, नईबस्ती आदि इलाकों में जलभराव की स्थिति से लोग जूझे। हालांकि बारिश रुकते ही कुछ देर बाद हालात सामान्य हो गए, लेकिन कतर्नियाघाट के जंगल में लगातार बारिश के कारण कई कच्चे रास्तों पर पानी भर गया है। घुटनों तक पानी होने से इन रास्तों से आवागमन मुश्किल हो गया है। जलभराव के बीच वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सतर्क किया है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने ग्रामीणों से कच्चे रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है।
उधर पयागपुर नगर पंचायत की नई बस्ती स्थित बाबा कुट्टी में रविवार सुबह करीब चार बजे तेज आवाज के साथ विशाल इमली का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से तीन विद्युत पोल टूट गए। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग ने आपूर्ति बंद कराई और राहत कार्य शुरू किया। पेड़ हटाने में काफी समय लगा। देर शाम तक पेड़ हटाने और तारों को व्यवस्थित करने का काम चलता रहा। क्षतिग्रस्त पोलों के कारण नई बस्ती की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने तत्काल नए पोल लगाने की मांग की है।
विज्ञापन

सब्जी किसानों की बढ़ी चिंता

बारिश से धान समेत खरीफ फसलों को राहत मिली है, लेकिन सब्जी किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में अधिक पानी भरने से सब्जियों को नुकसान की आशंका है। शनिवार को रातभर में कुल 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी के अनुसार अगले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के संकेत हैं।

पेड़ गिरने से टूटा बिजली का खंभा व जंगल के रास्ते पर हुआ जलभराव।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें