पयागपुर (बहराइच)। सुभाषनगर कॉलोनी के किसान शनिवार को थाने पहुंचे और नकाबपोश हमलावरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्रवाई न होने पर सभी ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। किसानों का कहना है कि फसलों की रखवाली करते समय नकाबपोश लगातार हमला कर रहे हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर कॉलोनी के निवासी शनिवार को थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान नव कुमार गाइन, सुकुमार सरकार, अशोक मंडल, राजेश मंडल आदि ने कहा कि वह फसलों की रखवाली के लिए खेत में सोते हैं। रात में खेतों की रखवाली करते समय अज्ञात लोग पहुंच रहे हैं और किसानों के साथ मारपीट करते हैं। यह लोग अपने आवारा पशुओं को छोड़कर किसानों के खेतों में लगी फसल को चराने का प्रयास करते हैं। विरोध करने पर मारपीट करते हैं। सभी ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर सभी एसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान सुभाषनगर कॉलोनी के काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। जांच कराई जाएगी। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।