फखरपुर थानाक्षेत्र में सड़क हादसे में किसान की मौत के बाद खड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइकें।
फखरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के माधौपुर निवासी बुजुर्ग किसान पल्टन (64) रविवार की दोपहर खेत में लगी फसल देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान हरिहरपुर चौराहे के आगे पुलिया के पास उन्हें सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में पल्टन की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों के अनुसार किसान ने हेलमेट नहीं पहना था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पल्टन को टक्कर मारने के बाद दूसरा बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़कर भाग गया। आनन फानन पल्टन को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि की। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
थाना प्रभारी अभिनव कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।