बहराइच/बिछिया। उमस और गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर मौसम अचानक बिगड़ गया। जंगल से सटे इलाकों में एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस बीच बिजली गिरने से मिहींपुरवा में एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
वहीं, शहरी क्षेत्र में बदली छाई रही और पूरे दिन धूल भरी हवा चली। पांच मिलीमीटर बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
तराई में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार की सुबह भी तेज धूप के साथ हुई लेकिन 11.30 बजे आसमान में बादल आने लगे। आधे घंटे बाद धूल भरी हवा चलने लगी। इसी बीच जंगल से सटे इलाके में बूंदाबांदी के साथ वर्षा शुरू हो गई।
मौसम का मिजाज देख मिहींपुरवा के आंबा गांव में खेत में काम कर रहे बिशुनापुर गांव निवासी थारू बिरादरी के शिवसरन (45) पुत्र गंगाराम व जीवन (29) पुत्र संभाई घर की ओर भागे। लेकिन, रास्ते में तेज आवाज के साथ बिजली गिर गई।
चपेट में आकर शिवसरन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बिजली का तेज झटका लगने से जीवन उछलकर 20 मीटर दूर जा गिरा। उसके आगे के चार दांत टूट गए हैं। सूचना पाकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
जीवन को मोतीपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे नानपारा स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। जबकि शिवसरन के शव को सुजौली थानाध्यक्ष कपिलदेव चौधरी ने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उपजिलाधिकारी नानपारा अमिताभ यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहशत में है जीवन
बिजली की चपेट में झुलसा जीवन काफी दहशत में है। उसका कहना है कि खेत से लौटते समय वह आगे चल रहा था और लगभग 25 मीटर की दूरी पर शिवसरन थे। जब बादल गरजा तो लगा कि आसमान फट जाएगा।
इसी दौरान शिवसरन की चीख सुनाई दी। जब तक वह पीछे मुड़ता तब तक तेज झटके के साथ वह 20 मीटर दूर जा गिरा। जीवन के मुताबिक करंट का तेज झटका था, जिससे पूरा शरीर झनझना गया।
यहां तर हुई जमीन
जंगल से सटे इलाके मिहींपुरवा विकासखंड के उर्रा, आंबा बर्दिया, बिछिया, सुजौली, चहेलवा, चफरिया, जालिमनगर और गायघाट इलाकों के साथ रुपईडीहा क्षेत्र में भी अच्छी बरसात हुई। वहीं, मैदानी इलाकों में लोग बारिश का इंतजार करते रहे लेकिन मायूसी हाथ लगी।
दो दिन तक बदली के आसार
फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते तराई के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। जंगल से सटे इलाकाें में लगभग पांच मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में देर रात तक बूंदाबांदी का सामना हो सकता है। आगामी दो दिनों में आंशिक बादल छाए रहने के संकेत मिल रहे हैं। शनिवार से मौसम फिर साफ हो सकता है।