बहराइच। प्रयागराज स्थित महाकुंभ में हुए हादसे के बाद से जिले के चार श्रद्धालुओं से उनके परिजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। वे सभी मौनी अमावस्या के अवसर पर स्नान करने गए थे। लेकिन हादसे के बाद से जिले में स्थित उनके परिजनों से संपर्क टूट गया है। इससे परिजनों की धुकधुकी बढ़ी है और सभी टोल फ्री नंबर के साथ अपने परिजनों के नंबर लगातार डायल कर रहे हैं।
रामजी से नहीं हुई बात, बच्चू लाल को ढूंढने गया उनका बेटा
महसी विकासखंड के हरदी थाना क्षेत्र के गंगापुरवा निवासी रामजी गौतम महाकुंंभ में मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए गांव के अन्य लोगों के साथ प्रयागराज गए थे। जहां से अन्य ग्रामीण तो वापस आ गए, लेकिन रामजी से संपर्क नहीं हो पा रहा। रामजी के बेटे राजेश गौतम ने बताया कि बुधवार की रात एक बार उनके नंबर पर संपर्क हुआ था, लेकिन बातचीत नहीं हो पाई। उसके बाद से संपर्क टूट गया।
वहीं, महसी के रामगांव थाना क्षेत्र के आंबेडकर गांव निवासी बच्चूलाल मिश्रा से भी उनके परिजन संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। बच्चू लाल मिश्रा की बहू मंजू मिश्रा ने बताया कि उनके ससुर सिकंदरपुर के नेपालपुरवा से 24 श्रद्धालुओं को लेकर गई बस से गए थे। संपर्क न होने पर बुधवार की शाम बच्चूलाल के बेटे जगदंबा प्रसाद मिश्रा प्रयागराज गए पहुंचे हैं। लेकिन उनसे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया।
ग्रामीण वापस आ रहे, सरजू प्रसाद नहीं
कैसरगंज विकासखंड के कुंडासर गांव निवासी सरजू प्रसाद भी गांव से श्रद्धालुओं को लेकर गई बस से महाकुंभ में स्नान करने गए थे। वहां पहुंचने के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। सरयू प्रसाद के छोटे बेटे बृजेश पटवा ने बताया कि गांव के लोग बस से वापस आ रहे हैं, लेकिन पिता से किसी भी तरह से संपर्क नहीं हो पाया है। घर में सभी परेशान हैं।
बुजुर्ग से भी नहीं हो पा रहा संपर्क
फखरपुर थाना क्षेत्र के भिलोराबासू निवासी 65 वर्षीय नंदकुमार चोपड़ा गांव के लोगों के साथ महाकुंभ गए थे। लेकिन 28 जनवरी को पहुंचने के दो घंटे बाद ही उनका संपर्क अन्य लोगों से टूट गया। साथ गए लोगोंं ने उनकी खोजबीन की, लेकिन उनके बारे में जानकारी नहीं हो सकी। भतीजे विपिन कुमार चोपड़ा ने बताया कि घर के लोग काफी परेशान हैं। नंद कुमार के दोनों बेटे रवि व रोहित लगातार उनके संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं।