बहराइच। शहर के डिगिहा तिराहे से अस्पताल चौराहे तक लगने वाले जाम से शहवासियों को शीघ्र निजात मिलेगी। बहराइच से गोंडा रेलवे मार्ग के बीच शहर के रेलवे क्राॅसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निर्माण का कार्य एक चौथाई पूरा हो गया है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार निर्माण कार्य को पूरा कराने में जुटे हुए हैं। दिसंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद है।
शहर के डिगिहा तिराहे से अस्पताल चौराहे तक सुबह आठ बजे के बाद छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लगने से आए दिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा था। लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए के पुलिस को घंटों जूझना पड़ता था। गोरखपुर, फैजाबाद, बलरामपुर व गोंडा से वाया नानपारा होतें हुए लखीमपुर व बरेली जाने के लिए और व लखनऊ जाने वाले बड़े वाहन शहर के डिगिहा तिराहे से होकर गुजरते थे।
जबकि छोटे वाहनों के भी इसी मार्ग पर आवागमन एक मात्र रास्ता था। ऐसे में इस मार्ग पर वाहनों का लोड अधिक पड़ जाने के चलते मार्ग पर आए दिन जाम की समस्या रहती थी। इस मार्ग पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग बंद होने के बाद समस्या और भी विकराल रूप ले लेती थी। जाम से निजात दिलाने के लिए शहरवासी रेलवे क्राॅसिंग पर एक आवेरब्रिज के निर्माण की मांग कर रहे थे। 2022 के आरंभ में शासन की ओर से रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर हरी झंडी मिली थी।
ओवरब्रिज निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से बीते वर्ष अक्तूबर 2022 से इस मार्ग को अवरुद्ध कराकर निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया था। निर्माण कार्य के तहत ओवरब्रिज के पिलरों का निर्माण पूरा करा दिया गया था। अब ब्रिज के लेबलिंग का कार्य चल रहा है। ब्रिज के लेबलिंग का कार्य भी एक चौथाई हिस्सा पूरा हो गया है।