बहराइच के विकास भवन स्थित पंचायत चुनाव कार्यालय के बाहर मौजूद लोग।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची को लेकर मंगलवार को भी जद्दोजहद जारी रही। विकास भवन स्थित कार्यालय परिसर में सूची के बारे में जानकारी लेने के लिए गहमागहमी का माहौल दिखा। वहीं डीपीआरओ और अन्य कर्मचारी कार्यालय को अंदर से बंद कर सूची तैयार करने में जुटे रहे। सूची बनाने के काम पर सीडीओ भी मौजूद रहकर नजर बनाए हुए थीं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की धुरी माने जाने वाले आरक्षण की कवायद को मंगलवार को भी जिला प्रशासन अंतिम रूप नहीं दे सका। सुबह से ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंच गए थे। कार्यालय पहुंचने पर यहां लोगों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। ऐसे में जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पांडेय अपने कमरे से उठकर कार्यालय में चले आए। कमरे के बाहर दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई। किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। कर्मचारियों के साथ अधिकारी भी सूची तैयार करने में देर रात तक जुटे रहे। वहीं सीडीओ कविता मीना भी कार्यालय में पूरे समय मौजूद रहीं। वह भी सूची के बारे में पल-पल की जानकारी लेती रहीं। जुगाड़ लगाने वाले संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भी भारी भीड़ जुटी रही।
सोशल मीडिया पर हुई वायरल
सोशल मीडिया पर मंगलवार को तरह-तरह की सूची वायरल हो रही थी। सूची वायरल होने के कारण लोगों के बीच कयासों का दौर भी शुरु हो गया था। सबसे पहले जिला पंचायत सदस्य पद के आरक्षण की सूची वायरल की गई थी। इसके बाद ग्राम प्रधान, बीडीसी आदि की भी कई सूची वायरल की गई।
कल हो सकती है जारी
विभागीय सूत्रों के अनुसार सूची बनाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। जिलाधिकारी और सीडीओ द्वारा आरक्षण सूची को वायरल किए जाने के संबंध में कुछ अधिकारियों को फटकार भी लगाई गई। माना जा रहा है कि देर रात या कल सुबह सूची जारी हो सकती है।