बहराइच। गश्त के दौरान सड़क के किनारे खड़े दो लोगों से पूछताछ करने पर दोनों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करने की नियत से रॉड से वार कर दिया। हमलावरों के वार में एक सिपाही को चोटें आईं। पास में ही ड्यूटी पर मुस्तैद जवानों को बुलाकर घेराबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
कैसरगंज कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सिपाहियों को गश्त करने के निर्देश दिए गए थे। सोमवार देर रात सिपाही धर्मेंद्र वर्मा हमराही होमगार्ड अटलबिहारी वाजपेयी हरनी चौराहे पर गश्त करते हुए पहुंचे तो देखा कि सड़क के किनारे बाइक के पास दो संदिग्ध लोग खड़े थे। गश्ती टीम ने रुक कर पूछताछ की तो वह भड़क गए और गाली देने लगे। जब टीम ने विरोध किया तो उन दोनों ने गाड़ी की सीट पर रखी रॉड से सिपाही पर जानलेवा हमला कर दिया। साथ में मौजूद होमगार्ड ने पास के ही बैंक में ड्यूटी पर मुस्तैद सिपाही हर्ष गौतम को सूचना दी।
कोतवाल ने बताया कि सूचना पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों को घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में दोनों की पहचान दिकौली कला गांव निवासी राजदत्त अवस्थी व छैल बिहारी मिश्रा के रूप मेें हुई। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। घायल सिपाही धर्मेंद्र वर्मा को प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। सिपाही के माथे व दाहिने हाथ में चोट लगी है।