बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार रात जंगल से निकला एक हाथी किसान के खेत में घुस गया और लगभग चार बीघे फसल चौपट कर दी। हाथी की आमद से ग्रामीणों में दहशत है।
निशानगाड़ा वन रेंज की ग्राम पंचायत हरिहरपुर लालपुर निवासी किसान जोगा सिंह के गन्ने के खेत में बृहस्पतिवार रात हाथी घुस गया। इसकी सूचना पर जोगा सिंह ग्रामीणों के साथ खेत पहुंचे और हांका लगाकर हाथी को भगाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान गजमित्र बिहारी लाल ने मेगाफोन के जरिये हाथी को भगाया और सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर वन दारोगा इसरार अहमद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि गजमित्रों की टीम हाथियों के हर मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को सावधानी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।