इकौना (श्रावस्ती)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को इकौना विकास क्षेत्र में मतदान कराया जाएगा। सुबह सात बजे से शुरू होने वाले मतदान के लिए सोमवार को ही ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। क्षेत्र के 81 मतदान केंद्र व 224 मतदेय स्थलों पर मतदाता 1449 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इकौना विकास क्षेत्र की 11 न्याय पंचायतों वाले इस क्षेत्र में कुल 81 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 81 ग्राम प्रधान पद के लिए 722 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के 1035 पदों के लिए 727 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए समूचे क्षेत्र में 81 मतदान केंद्र व 224 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से 19 सामान्य, 34 संवेदनशील, 25 अतिसंवेदनशील व नौ अतिसंवेदनशील प्लस के रूप में चिह्नित किए गए हैं।
224 मतदेय स्थलों के लिए 915 मतदान कार्मिकों को लगाया गया है। समूचे क्षेत्र को चार जोन व पंद्रह सेक्टरों में बांटा गया है। जहां मंगलवार को 155119 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए सोमवार को जगतजीत इंटर कॉलेज से मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गई।