बहराइच। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी की गई जांच रिपोर्ट 32 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें कुछ मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है, जबकि कुछ लोगों को कोविड अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
चित्तौरा विकास खंड की रहने वाली 67 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव थी। इस पर परिवारीजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। मेडिकल कॉलेज में पौने दो बजे महिला को भर्ती किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया।
उधर, जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई जांच रिपोर्ट में 32 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि 32 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कोविड अस्पताल मेें भर्ती करा दिया गया है, वहीं शहरी क्षेत्र के कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेट कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि लोग कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करें। सैनिटाइजर न होने पर हाथ साबुन से धुलें। मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. ओपी पांडेय ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
तोड़ दी गई बैरिकेडिंग
शहर के मोहल्ला छावनी बाजार के एक मकान में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बैरिकेडिंग की गई थी। लोगों ने निकलने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।