बहराइच। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 जनवरी को पूरे जिले में ड्राई रन किया जाएगा। इसके लिए 17 स्थान चिह्नित किए गए हैं। ड्राई रन के लिए 32 सत्रों में पूर्वाभ्यास होगा। संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को सीएमओ ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही पूर्वाभ्यास के उपकरण भी स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजे जा रहे हैं। इसके लिए गुरुवार को कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
जिले में प्रथम चरण में कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पांच जनवरी को छह स्थानों पर ड्राई रन स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया गया था। जिसकी निरीक्षण डीएम ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर किया था। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 11 जनवरी को पूरे जिले में ड्राई रन आयोजित होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि 17 स्थानों पर 32 सत्र में ड्राई रन किया जाएगा। संबंधित सीएचसी को पूर्वाभ्यास के लिए मेडिकल उपकरण भी पहुंचाए जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि पूरे जिले में पूर्वाभ्यास होने से टीकाकरण में आसानी होगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि ड्राई रन के लिए गुरुवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण हुआ। जिसमें ब्लॉक स्तर बीपीएम, आरआई नोडल, कोल्ड चेन हैंडलर, टीम सदस्य, सिपाही व बाल विकास विभाग के लोग शामिल हुए।
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की ओर से वैक्सीन भेजने की तिथि अभी नहीं निर्धारित की गई है। जैसे ही शासन की ओर से वैक्सीन भेजी जाएगी। सभी को जानकारी दी जाएगी। इसके बाद सर्वप्रथम कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जाएगा। जिससे कोरोना को हराया जा सके।