बहराइच। रिसिया के नानकपुरा मोहल्ले में शिक्षक दंपती की मौत के बाद गुरुवार को तेरहवीं कार्यक्रम में अपने साथियों संग पहुंचे दरोगा ने जमकर हंगामा काटा। आरोप है कि दरोगा ने सर्विस रिवाल्वर के बल पर घर में लूटपाट की नीयत से ताला तोड़ने की भी कोशिश की। घर में मौजूद लोग घटना से इस कदर सहमे कि शौचालय में घुसकर चीख-पुकार मचाने लगे। जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हुए तो दरोगा रिवाल्वर लहराते हुए धमकी देकर फरार हो गया। आरोप है कि वह अपने साथ कुछ सामान भी उठा ले गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की है।
रिसिया थाना क्षेत्र के नानकपुरा मोहल्ले में सरस्वती इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक विश्व नारायण अवस्थी अपने परिवार के साथ रहते थे। कुछ दिन पहले ही 73 वर्षीय विश्व नारायण व उनकी पत्नी चंद्रकांति की मौत हो गई थी। आरोप है कि परिवार के लोग मृत दंपती का पोस्टमार्टम कराना चाहते थे, लेकिन हरदी थाना क्षेत्र में यूपी-112 में तैनात रिश्तेदार दरोगा संतोष बाजपेई ने पोस्टमार्टम नहीं कराने दिया।
बुधवार को दंपती की तेरहवीं थी। आरोप है कि देर शाम दरोगा संतोष बाजपेई अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और घर में रखे अलमारी व बक्से का ताला तोड़ने लगा। विरोध करने पर जान-माल की धमकी देते हुए सर्विस रिवाल्वर निकालकर मृत दंपती के पुत्र परमेश को दौड़ा लिया। परमेश व परिवार के अन्य लोगों ने शौचालय में घुसकर जान बचाई।
बचाव के लिए परिवार के अन्य लोगों ने चीखपुकार मचाई। इस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी दरोगा धमकी देते हुए भाग गया। आरोप है कि वह अपने साथ कुछ सामान भी उठा ले गया। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परमेश चंद्र अवस्थी ने बताया कि आरोपी दरोगा संतोष बाजपेई की रिश्तेदार नेहा अवस्थी का विवाह उसके बड़े भाई प्रफुल्ल चंद्र अवस्थी से चार साल पहले हुआ था। शादी के दो साल बाद सड़क हादसे में प्रफुल्ल की मौत हो गई तो उसकी पत्नी नेहा अपने मायके में रहने लगी। मगर सास-ससुर की मौत के बाद बहू ससुराल आ गई और गुरुवार को तेरहवीं के दिन अपने रिश्तेदार दरोगा को बुलाकर घर में रखा सामान ले जाने का दबाव बनाने लगी। इसी को लेकर काफी देर तक हंगामा चला।
एएसपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। फोन के जरिए घटना की जानकारी हुई है। कोई वीडियो भी वायरल होने की सूचना मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। अगर ऐसा मामला प्रकाश में आया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।