बड़ा भाई पत्नी के साथ कर रहा था झगड़ा, सुलह कराने में अंजाम दी वारदात
नशे की हालत में भाई पर लाठी व धारदार हथियार से किया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार की रात शराब के नशे में धुत छोटे भाई ने बड़े भाई को पीट-पीट कर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा। वहीं पुलिस ने छोटे भाई पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।
कोतवाली देहात के ग्राम पंचायत नान्हूपुरवा निवासी हरिश्चंद्र यादव (34) का सोमवार की रात उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि हरिश्चंद्र ने पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट होता देख शराब के नशे में धुत उसका छोटा भाई मौजीलाल मौके पर पहुंचा और दोनों को समझाना शुरू किया। इस दौरान दोनों भाइयों में विवाद हो गया और कुछ देर में ही मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान मौजीलाल ने हरि पर लाठी से हमला कर दिया और कई वार किए। इस दौरान धारदार हथियार से भी वार की बात कही जा रही है। हरिश्चंद्र को मरणासन्न छोड़ कर मौजीलाल फरार हो गया। टिकोरा मोड़ चौकी प्रभारी शैलेंद्र सोनकर ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव में सनसनी है और परिजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी कोतवाल आलोक सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
शादी में गया था पिता, बेटे की मौत पर रह गया हैरान
मृतक हरिश्चंद्र के पिता रामपाल ने बताया की वह एक शादी में गए थे और घर पर कोई नही था। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें फोन पर भाइयों में मारपीट होने व हरिश्चंद्र की मौत की सूचना दी तो वह भौंचक्का रह गए। शव का पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक के पिता रामपाल ने बिलखते हुए बताया कि मृतक अपने पीछे छह मासूम बच्चों को छोड़ गया है।