विशेश्वरगंज (बहराइच)। स्थानीय थाना के शुकुलपुरवा डोलकुआं निवासी महिला की सितंबर माह में मौत हो गई। मायके वालों ने पुलिस में सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति समेत सास-ससुर पर दहेज हत्या की केस दर्ज किया।
धरकनपुरवा लोधजोत गांव निवासी सुनीता देवी की विशेश्वरगंज थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार पांच साल पहले बेटी की शादी शुकुल पुरवा डोलकुआं निवासी प्रभात उर्फ परमानंद तिवारी से की थी। आरोप है शादी के बाद से ही पति, सास शकुंतला देवी और ससुर श्रीराम ने अतिरिक्त दहेज में कार व पांच लाख रुपये की मांग कर बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित किया।
बीती नौ सितंबर को बेटी को जमकर पीटा और मरणासन्न अवस्था में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भर्ती कराया, जहां 11 सितंबर को बेटी की मौत हो गई। बिना उन्हें सूचना दिए ही चुपचाप बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया। कोई संतान न होने की बात बताई। 16 सितंबर को पुलिस उच्चाधिकारियों से शिकायत के लिए जाने पर रास्ते में रोक लिया। अगले दिन पुलिस उच्चाधिकारियों से मिलकर शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर विशेश्वरगंज थाना पुलिस ने आरोपियों पर दहेज हत्या, उत्पीड़न समेत अन्य धारा में केस दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।