रतनापुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौड़ीकुईयां के निकट सरयू नहर में शनिवार को एक डॉल्फिन दिखाई पड़ी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित निकाला, जिसे घाघरा नदी में छोड़ा जाएगा।
कतर्नियाघाट स्थित गेरुआ नदी व सरयू नदी सहित श्रावस्ती के राप्ती नदी में डॉल्फिन का बसेरा है। कतर्निया से निकली एक डॉल्फिन सरयू नहर खंड नानपारा में चली आई।
यह डॉल्फिन शनिवार को श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़ीकुईयां के निकट सरयू नहर में चरवाहों को दिखाई पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के उच्च अधिकारियों को दी।
इस पर वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम में शामिल संजय ओझा, अनुज सिंह व मोहम्मद हाशिम ने ग्रामीणों के सहयोग से शाम में डॉल्फिन को नहर से सुरक्षित बाहर निकाला। आज उसे घाघरा नदी में छोड़ा जाएगा।