कैसरगंज के कसेहरी बुजुर्ग में गुरुवार को यूरिया वितरण के दौरान किसानों से वार्ता करते जिला कृषि
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। खाद की खेप समितियों पर पहुंच गई है। गुरुवार को कई समितियों पर यूरिया का वितरण शुरू हुआ। कालाबाजारी रोकने और सस्ते पर यूरिया वितरण की स्थिति जांचने के लिए गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। इस दौरान यूरिया लेने आए किसानों से अधिकारियों ने वार्ता की। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बिना आधार व खतौनी के यूरिया का वितरण न करें।
अब जिले की समितियों पर यूरिया की खेप पहुंचने लगी है। गुरुवार से समितियों पर यूरिया का वितरण भी शुरू हो गया है। समिति पर शासन के निर्देशानुसार यूरिया का वितरण हो, इसके लिए गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने समितियों पर छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय ने चित्तौरा के डीहा समिति पर जांच की। यहां पर किसानों को कर्मचारी यूरिया का वितरण करते मिले। इसके बाद जिला अधिकारी ने हुजूरपुर के निवासी सोसाइटी, जरवल और कैसरगंज के कसेहरी बुजुर्ग में स्थित साधन सहकारी समिति पर छापा मारा और यूरिया लेने आए किसानों से वार्ता की।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को उचित दर पर खाद की बिक्री होती मिली। उप कृषि निदेशक आरके सिंह ने नानपारा व बाबागंज क्षेत्र में स्थित सहकारी समितियों पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि उचित दर पर किसानों को यूरिया बिक्री की जा रही है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि समिति के कर्मचारी बिना आधार व खतौनी के यूरिया को किसी को न दें। इसका अंकन भी रजिस्टर पर करें। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी होने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।