बहराइच। केंद्र सरकार की ओर चलाई जा रही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में जिले को प्रदेश में 10वां स्थान मिला है। वहीं देवीपाटन मंडल में जिले को दूसरा स्थान मिला है। दो दिन पूर्व प्रदेश के अधिकारियों द्वारा रेटिंग जारी की गई है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हर्ष जताते हुए योजना पर और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना का लाभ जिले की 54512 महिलाओं को लाभ मिला है।
केंद्र सरकार की ओर से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना चलाई जा रही है। इस योजना के लाभ के लिए गर्भवती महिलाओं के खाते में तीन चरणों में छह हजार रुपये भेजे जाते हैं। लेकिन पहली बार गर्भ धारण करने वाली महिलाओं को ही योजना का लाभ मिलता है।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के जिला कार्यक्रम सहायक दिलीप सिंह ने बताया कि जिले में योजना के शुरुआत से 18 जून 2020 तक 58862 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया। इनमें 54512 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला। जिस पर सरकार द्वारा 22 करोड़ 43 लाख 97 हजार रुपये दिया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सीएचसी और जिला मुख्यालय पर प्रसव कराने वाली महिलाओं को योजना का लाभ मिला।ो इसका रेटिंग प्रदेश सरकार द्वारा दो दिन पूर्व जारी की गई, जिसमें बहराइच जिले को प्रदेश में 10वां स्थान मिला है। वहीं देवीपाटन मंडल में जिले को दूसरा स्थान मिला है।
सीएमओ ने बताया कि सहयोगी कर्मचारियों की मदद से जिले ने प्रदेश में स्थान बनाया है। इसके नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. जयंत सिन्हा को दिशा निर्देशित कर और बेहतरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे आने वाले समय में जिला कम से कम टॉप- 5 में शामिल हो सके।