शहर के मोहल्ला बख्शीपुरा स्थित डीजल पावर हाउस के ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग सेंटर में सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
सेंटर में रखा ट्रांसफार्मर आयल, आॅयल फिल्टर मशीन समेत कई कीमती उपकरण जल गए। हादसे में हजारों का नुकसान हुआ है।
अधिशासी अभियंता ने आग लगने के कारणों की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग सेंटर में सोमवार दोपहर एक बजे के आसपास कर्मचारी काम कर रहे थे तभी आयल फिल्टर मशीन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरे सेंटर को आगोश में ले लिया। देखते ही देखते मौके पर रखे 150 लीटर ट्रांसफार्मर आॅयल व अन्य उपकरण लपटों की जद में आ गए, जिससे अफरातफरी मच गई।
कर्मचारियों ने सीजफायर और वाटर प्लांट से पानी की बौछारें छोड़नी शुरू की। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई लेकिन दमकल 40 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। तब तक कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था।
ट्रांसफार्मर सेंटर के जेई रामजगत वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर आयल में आग फैलने से हालात भयावह हो गए थे आग बुझाने के समुचित इंतजाम होने से स्थिति काबू में आ गई।
उन्होंने कहा कि सारा ट्रांसफार्मर आयल जल गया है। इसके अलावा आयल फिल्टर मशीन व आसपास मौजूद अन्य उपकरणों को आग से नुकसान पहुंचा है।
इस मामले में अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। इसमें हजारों का नुकसान हुआ है। विभागीय जांच के बाद नुकसान का स्पष्ट आंकन होगा।