नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर शनिवार को सुबह सड़क पार कर रहे एक हिरन को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही हिरन की मौत हो गई। पशु चिकित्सकों की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया। इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत नानपारा-लखीमपुर मार्ग स्थित कुड़वा गांव के पास एक हिरन सुबह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात ट्रक ने हिरन को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर फारेस्ट गार्ड ठाकुर प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर जांच की। रेंजर खुर्शीद आलम भी मौके पर पहुंचे। रेंजर ने बताया कि नर हिरन की आयु लगभग चार वर्ष थी। सुजौली, गायघाट और मोतीपुर के पशु चिकित्सकों की टीम ने हिरन के शव का पोस्टमार्टम किया है, जिसमें गंभीर चोट लगने के कारण मौत होने की बात सामने आई है।
फारेस्ट गार्ड ठाकुर प्रसाद की तहरीर पर मोतीपुर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।