जरवल (बहराइच)। जरवलरोड क्षेत्र स्थित कटी नाले में बृहस्पतिवार की सुबह एक नवजात का शव उतराता मिला। राहगीरों ने शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची के शव को नाले से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
जरवल में बहराइच-लखनऊ हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने बृहस्पतिवार सुबह कटी नाले में एक नवजात के शव को देखा। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने इसकी सूचना जरवल पुलिस चौकी को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार व संतोष प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच की। साथ ही शव को नाले से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। नवजात के शव को देख कई राहगीरोंं की आंखें नम हो गईं।
जरवलरोड थाना प्रभारी रमेश रावत ने बताया कि शव को फेंकने वालों को पकड़ा जाएगा।