फखरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को पड़ोसी गांव निवासी युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था। चार दिन से किशोरी का पता नहीं लग रहा था। शुक्रवार को खेत में पुआल के ढेर में किशोरी का शव मिला। परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थाना अंतर्गत एक गांव निवासी 16 वर्षीय बालिका को पड़ोसी गांव निवासी युवक मंगलवार को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर तलाश शुरू की। लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चल रहा था।
शुक्रवार सुबह हनुमान के खेत में लगे पुआल के ढेर में किशोरी का शव पड़ा होने की सूचना परिवार के लोगों को मिली। किशोरी के शव पर कपड़े अस्तव्यस्त थे। परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के भाई ने शुक्रवार को पड़ोसी गांव के युवक को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद से आरोपी युवक गांव से फरार हो गया है।