यूपी के बहराइच में बिजली थाना पर तैनात मुख्य आरक्षी से साइबर ठग ने दोस्त का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर दो बार में हजारों रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का आभास हुआ तो साइबर थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
देवरिया जिले के रुद्रपुर बरईपारा निवासी उमेश यादव विद्युत अपराध निरोधक थाने में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है। बाइस फरवरी को साइबर ठग ने उनके दोस्त संजय सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर रुपयों की जरूरत बताते हुए बैंक खातों में दो बार में कुल 44 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
दोबारा से एक फोन पे नंबर पर पैसे मांगने लगा तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पैसे ट्रांसफर नहीं किए। अगले दिन फिर दूसरे बैंक खाते में पैसे मांगने लगा। संदेह होने पर दोस्त को कॉल किया तो उसने किसी भी तरह की जरूरत और पैसे न मांगे जाने की बात कही।
इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। घटना की सूचना पीड़ित ने साइबर पुलिस को दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है। घटना के संबंध में साइबर थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि अज्ञात पर धोखाधड़ी, आईटी एक्ट का मामला दर्ज कर बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाया जा रहा है।