बहराइच। एसएसबी की एडीजी बी. राधिका ने मंगलवार को आईजी के साथ भारत-नेपाल सीमा का जायजा लिया। नेपाल के एसपी के साथ वार्ता में सीमा पार से होने वाली राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर दोनों देशों के जवानों को नजर रखने पर जोर दिया गया। एसएसबी के जवानों को सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के भी निर्देश एडीजी ने दिए।
सशस्त्र सीमा बल नई दिल्ली की अपर महानिदेशक बी. राधिका मंगलवार को एसएसबी के आईजी सौरभ त्रिपाठी के साथ 42वीं वाहिनी नानपारा पहुंचीं। एडीजी ने सबसे पहले अगैया स्थित एसएसबी मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद 42वीं व 59वीं बटालियन के जवानों के साथ संवाद किया। एडीजी ने कहा कि सभी जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें।
सीमा सुरक्षा का दायित्व काफी महत्वपूर्ण है। एडीजी ने सभी कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के साथ ही सीमा से सटे गांवों में भी लोगों को जागरूक करने की बात कही। इसकेे बाद एसएसबी की एडीजी ने रूपईडीहा सीमा से सटे नो मेंस लैंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर पेट्रोलिंग तेज करने और नेपाल के अधिकारियों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। एडीजी ने नेपाल के जिला बांके के पुलिस अधीक्षक ओम बहादुर राणा से भी मुलाकात कर सीमा की सुरक्षा पर चर्चा की। इस दौरान एसएसबी के कमाडेंट प्रवीण कुमार, शैलेश कुमार आदि मौजूद रहे।