बिछिया (बहराइच)। सुजौली रेंज के रमपुरवा बनकटी गांव निवासी एक युवक शुक्रवार को नित्यक्रिया के लिए सरयू नदी के किनारे गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं, चार दिन पूर्व भी मगरमच्छ ने एक युवक पर हमला कर जख्मी कर दिया था। लगातार हो रहे हमले से परेशान ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र से सटे गांवों में मगरमच्छ का हमला जारी है। वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज अंतर्गत रमपुरवा बनकटी गांव निवासी जितेंद्र (18) पुत्र रामजन सुबह पांच बजे नित्यक्रिया के लिए सरयू नदी के किनारे गया था। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने युवक का पैर दबोच लिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह जितेंद्र को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। इससे पूर्व भी मगरमच्छ ने मवेशी चराने गए युवक पर हमला कर दिया था।
ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ लगातार हमला कर रहा है, लेकिन वन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर दूर नदी में छोड़े जाने की मांग की है। हमले की सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई है, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।