बहराइच। चिलवरिया में स्थित शिंभावली शुगर मिल पर गन्ना किसानों का 110 करोड़ रुपये बकाया है। इसके लिए जिलाधिकारी ने मिल को नोटिस भेजकर भुगतान करानेे की बात कही, लेकिन डीएम की ओर से दो बार नोटिस भेजे जाने के बाद गन्ना बकाया किसानों को नहीं दिया गया। इससे नाराज जिलाधिकारी ने वसूली प्रमाण पत्र जारी करने के लिए गन्ना आयुक्त को पत्र भेजा है। इससे मिल कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
सदर तहसील के चिलवरिया में शिंभावली शुगर मिल संचालित है। इस मिल में विशेश्वरगंज, पयागपुर, हुजूरपुर, रिसिया, महसी के साथ चित्तौरा विकास खंड के लोग गन्ना लेकर जाते हैं। मिल में किसानों की गन्ना खरीद होती है। लेकिन जिले में स्थापित चार चीनी मिलों में से भुगतान को लेकर सबसे खराब स्थिति शिंभावली शुगर मिल की है। मिल में गन्ना किसानों का करोड़ों रुपया बकाया होने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी है। इससे गन्ना किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला गन्ना अधिकारी शैलेष कुमार मौर्या ने बताया कि शिंभावली शुगर मिल पर गन्ना किसानों का 110 करोड़ रुपया बाकी है। किसानों को गन्ना बकाया भुगतान करने के लिए जिलाधिकारी शंभु कुमार ने दो माह पूर्व नोटिस भेजा था, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी। इस पर डीएम ने पांच दिन पूर्व पुन: नोटिस भेजा। दो बार नोटिस भेजने के बाद भी गन्ना बकाया की सुस्ती को लेकर जिलाधिकारी नाराज हो गए। जिलाधिकारी ने गन्ना आयुक्त संजय बोस रेड्डी को वसूली प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग को लेकर पत्र भेजा है। डीएम के इस रुख को देखकर शिंभावली शुगर मिल के साथ अन्य मिल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
मिलों पर गन्ना बकाया एक नजर में-
चीनीमिल गन्ना बकाया करोड़ों में
शिंभावली शुगर मिल 110
श्रावस्ती सहकारी चीनीमिल 25
आईपीएल चीनीमिल 03
परसेंडी चीनीमिल 00
112 करोड़ पिछले सत्र का हुआ वितरण
चिलवरिया में स्थित शिंभावली शुगर मिल में गन्ना किसानों का काफी बकाया था। मिल प्रशासन से सख्ती करने पर पिछले सत्र का 112 करोड़ रुपया किसानों के खाते में भेजा जा चुका है। इसके अलावा 32 करोड़ रुपये नए सत्र का भी भेजा गया है। जल्द ही शेष बकाया भुगतान के लिए कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेष कुमार मौर्या, जिला गन्ना अधिकारी