नानपारा (बहराइच)। राजापुर कोटवा गांव निवासी एक विवाहिता को ससुराल के लोगों ने रंगीन टीवी, बेड और एक लाख रुपये की डिमांड पूरी न होने पर मार डाला। फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज हुआ है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में पुलिस ने दबिश शुरू कर दी है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत लखैया बितनिया गांव निवासी तिवारीलाल यादव ने बताया कि उसने अपनी बेटी ननकई (25) का विवाह पांच साल पहले राजापुर कोटवा निवासी पवन कुमार के साथ किया था।
लेकिन, दहेज के लिए ननकई का उत्पीड़न शुरू हो गया। ससुराल वाले रंगीन टीवी, सीडी, बेड और एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। तिवारीलाल ने बताया कि बेटी ने उत्पीड़न के बारे में कई बार बताया था।
उन्होंने कहा कि मंगलवार देर रात ससुराल के लोगों ने बेटी के मौत की सूचना दी। रात में ही पिता परिवारीजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसका शव खूंटी से लटक रहा था। पिता का कहना है कि शरीर पर चोटों के निशान थे, जिससे लग रहा है कि पिटाई कर बेटी की हत्या की गई है। इसके बाद शव को लटका कर फांसी का रूप दिया गया है।
मृतका के पिता की तहरीर पर नानपारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति पवन, देवर दिलीप और ससुर बरसाती को नामजद करते हुए दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।