(पयागपुर) बहराइच। थाना क्षेत्र के सोहरियावां गांव में एक महिला को पीटने के बाद उसकी देवरानी और ननद के बेटे ने जिंदा जला दिया। मृतका के बेटे ने ये आरोप लगाया है।
पुलिस उसके बयान के आधार पर तफ्तीश में जुट गई हैै। पुलिस को शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहरियावां गांव निवासी वीरेंद्र प्रताप तिवारी पंजाब में नौकरी करता है। वह डेढ़ माह से पंजाब में है।
वीरेंद्र के बेटे योगेंद्र प्रताप तिवारी (15) का कहना है कि गुरुवार देर शाम उसकी मां नीलम (37) का संपत्ति को लेकर चाची व फुफुरे भाई से कहासुनी हुई।
इसके बाद दोनों ने नीलम को मारापीटा और फिर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। नीलम बचाव के लिए चीख-पुकार मचाती रही लेकिन किसी ने हाथ नहीं लगाया।
ग से झुलसकर नीलम घर के बाहर करीब दो घंटे तक तड़पती रही। ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं।
थानाध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री का कहना है कि बेटे के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।