कैसरगंज (बहराइच)। पवही गांव के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार सास और दामाद को रौंद दिया। आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक अपनी सास का जरवल बाजार में इलाज कराकर लौट रहा था।
कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखुरद्वारापुर गांव निवासी शांति देवी (45) पत्नी रामकृपाल की तबियत कुछ दिनों से खराब चल रही थी। शांति ने गुरुवार दोपहर डॉक्टर के पास जाने के लिए अपने दामाद कड़सर बिटौरा गांव निवासी राकेश (25) पुत्र कनौजीलाल को बुलाया था।
राकेश ससुराल पहुंचा और सास को बाइक से जरवल बाजार ले गया। यहां निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराने के बाद राकेश ने सास की दवा खरीदी, फिर घर के लिए भी कुछ खरीदारी कर दोनों रात नौ बजे के आसपास बरखुरद्वारापुर के लिए रवाना हुआ।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबकि रात 10:30 बजे के करीब जब वे कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर पवही गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर खड्ड में जा गिरी, जबकि दामाद और सास सड़क पर गिर गए। वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। चीख सुनकर गांव के लोग दौड़े।
एंबुलेंस बुलवाकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। राकेश के पास मौजूद परिचय पत्र से उसकी पहचान की गई और परिवार को सूचना दी गई। रात में ही परिवारीजन भी अस्पताल पहुंचे।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों लाशों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है लेकिन अभी तक न तो वाहन और न ही चालक का पता चल सका है। आस-पड़ोस के थानों को अलर्ट कर जांच शुरू की गई है।