बहराइच। तीन ठगों ने फर्जीवाड़ा कर एक ग्रामीण की जमीन दीवानी कचहरी के अधिवक्ता को साढ़े आठ लाख रुपये में बैनामा कर दी।
मोबाइल पर आई एक कॉल से अधिवक्ता को जमीन के फर्जीवाडे की जानकारी हुई तो तीनों ठगों को शुक्रवार को कागजात लेने के बहाने कचहरी बुलाकर अधिवक्ता ने दबोच लिया।
साथी वकीलों ने मिलकर तीनों को खूब धुना फिर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दीवानी कचहरी के अधिवक्ता शिवकुमार पुत्र राधेश्याम निवासी बंभौरी हरदी ने बताया कि पखवारे भर पूर्व हरदी के पंडितपुरवा निवासी सुशील कुमार, ननके व महसी निवासी लालू गोड़िया, उनके सीनियर अधिवक्ता दिनेश कुमार के पास एक जमीन बिक्री का प्रस्ताव लाए।
तीनों ने बताया कि खेती योग्य 40 बीघा जमीन महसी तहसील के ग्राम कटहा में है। यह भी कहा कि जमीन कटहा निवासी भगोले, नंगल और लखन के नाम दर्ज है।
दिनेश ने जमीन लेने में इच्छा नहीं जताई तो शिवकुमार ने तीनों व्यक्तियों से बात कर 8.5 लाख में सौदा तय किया। इस पर दूसरे दिन तीनों व्यक्तियों के साथ एक व्यक्ति और आया, उसने अपना नाम भगोले बताया। 25 जनवरी को जमीन का बैनामा करा लिया गया।
शिवकुमार का कहना है कि तीन फरवरी को अधिवक्ता दिनेश के मोबाइल पर कॉल कर एक महिला ने फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा होने की बात बताई।
मामला सही मिलने पर शुक्रवार को तीनों को कचहरी बुलाया गया और यहां वकीलों ने तीनों ठगों को जमकर पीटा। इसके बाद एसपी को मामले से अवगत कराकर तीनों ठगों को कोतवाली नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह का कहना है कि आरोपियों को हरदी थाने के सुपुर्द कर रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।