बहराइच (ब्यूरो)। मुंबई से कमाकर गांव लौट रहे दो युवकों को जहरखुरानों ने मंगलवार सुबह नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रेन में लूट लिया। बहराइच रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर युवकों को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
श्रावस्ती जिले के जमुनहा क्षेत्र निवासी रग्घू (19) और सोनू (18) मुंबई में मजदूरी करते हैं। रविवार को दोनों गांव के लिए मुंबई से रवाना हुए। गोंडा से नेपालगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर दोनों युवकों को बेहोश कर दिया।
इसके बाद सामान से भरा बैग व जेब में रखी नकदी लूट ली। मंगलवार सुबह ट्रेन जब बहराइच पहुंची तो दो युवकों को अर्द्धविक्षिप्त हालत में देखकर लोगों ने उन्हें स्टेशन पर उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती करवाया।
उनके पास मौजूद परिचय पत्र से दोनों की पहचान और टिकट से सफर की जानकारी हो सकी। इमरजेंसी ओपीडी के चिकित्सकों के मुताबिक दोनों को तेज नशीला पदार्थ खिलाया गया है। सूचना परिवारीजनों को भी दी गई है।