क्षेत्र में एक गांव के दो घरों में घुसकर दो महिलाओं को असलहे से डरा-धमकाकर गैंग रेप किया गया। एक घटना में आरोपी जेवरात व रुपये भी लूट ले गए। दोनों घटनाओं की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए। पुलिस घटनाओं के पीछे रंजिश बता रही है।
यह घटना नानपारा क्षेत्र के एक गांव में हुई। ग्रामीण शनिवार रात पारिवारिक कार्य से रिश्तेदारी में गया था। घर में 30 वर्षीया पत्नी अकेली थी। आरोप है कि आंगन में सोते समय दीवार फांदकर गांव निवासी अब्बास अली, चिन्नू सिंह और ग्राम प्रधान पति शफात अंदर घुस आए।
उन्होंने महिला को बंधक बना मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चारपाई समेत 200 मीटर दूर ले जाकर उसके साथ रेप किया। सुबह पति के लौटने पर महिला ने घटना की जानकारी दी। इसी रात गांव के एक अन्य व्यक्ति के घर में घुसकर छोटे, बड़े व फौजदार ने बच्चों के साथ सो रही महिला को कट्टे से धमकाकर उसके साथ रेप किया।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने डरा-धमकाकर जेवरात और बक्से में रखे सात हजार रुपये भी लूट लिए। दोनों घटनाओं के पीड़ितों ने रविवार सुबह कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा का कहना है कि परिवारों की रंजिश का मामला लग रहा है। इसके बावजूद केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।