उड़घनिया शेखपुरवा गांव निवासी एक ग्रामीण के घर में मंगलवार रात दीवार फांदकर घुसे चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और जेवर समेत दो लाख का माल पार कर दिया। इस मामले में ग्रामीण ने गांव के तीन लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
रिसिया थाना अंतर्गत उड़घनिया शेखपुरवा निवासी हफीज उल्ला खां रात में परिवार के साथ सो रहे थे। इसी रात एक बजे के आसपास दीवार फांदकर घुसे चोरों ने दूसरे कमरे में प्रवेश कर अलमारी का ताला तोड़ दिया।
चोरों ने घर में रखे 83 हजार रुपये नगद, महिलाओं के सोने-चांदी के एक लाख के जेवर व कपड़ा, बर्तन समेत दो लाख से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह परिवारीजन जब सोकर उठे, तब उन्हें घर में चोरी की घटना की जानकारी हुई।
आसपास के लोग इकट्ठा हुए। हफीजउल्ला का कहना है कि उनके घ्ार में चोरी करने वाले कुछ बदमाशों का सुराग मिला है। उसी के आधार पर गांव निवासी तीन लोगों द्वारा चोरी किए जाने का पता चल रहा है।
इस मामले में तीनों को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष अशरफ परवेज का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। चोरी की वारदात के चलते गांव के लोग दहशत में हैं।