रुपईडीहा/चित्तौरा। दहेज के लिए दो विवाहिताओं को मौत के घाट उतार दिया गया। रिसिया में विवाहिता को पीट-पीटकर तो रुपईडीहा निवासी महिला को जहर खिलाकर हत्या कर दी गई।
रुपईडीहा में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो लोग भाग निकले। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रुपईडीहा थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम घसियारनटोला निवासी आबिद की पुत्री जाहिदा बानो (22) का निकाह दो साल पहले रसनकोला गांव निवासी रियाजत अली से हुआ था।
जाहिदा को सोमवार देर शाम नानपारा सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
सीएचसी के डॉक्टर ने बताया कि जाहिदा की हालत जहरीला पदार्थ खाने से बिगड़ी थी। इसके बाद ससुरालीजन महिला के शव को घर लेकर आए और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी।
इसी दौरान ग्रामीणों की सूचना पर आबिद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बेटी के हत्या की आशंका जताते हुए दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंच गई।
महिला के शव को कब्जे में ले लिया गया। एसओ एके यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति रियाजत अली उर्फ बुद्धू और उसके पिता गुलाम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नामजद सास व देवर फरार हैं।
उधर, श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना अंतर्गत ग्राम नरैनापुर निवासी रियाज अली की पुत्री हबीबुल निशा (23) का विवाह रिसिया थाना क्षेत्र के इमाम नगर निवासी सराफत अली के साथ नौ माह पूर्व हुआ था।
हबीबुल तीन माह से गर्भवती भी थी। मंगलवार को अचानक उसकी मौत हो गई। मुंह और नाक के साथ ही कई जगह खून के निशान भी थे।
सूचना मिलने पर उसके बाबा इब्राहीम खां व अन्य ग्रामीण गांव पहुंच गए। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सदर नारायण सिंह भी पहुंच गए।
एसओ एके सिंह ने बताया कि महिला के शव पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।