इकौना (श्रावस्ती)। भांजे के बरहों कार्यक्रम में फायरिंग करना मंगलवार देर रात एक युवक को भारी पड़ गया। अवैध असलहे से चलाई गई गोली पास में मौजूद दो युवकों को जा लगी। जिन्हें रात में परिवारीजन लेकर भिनगा जिला अस्पताल पहुंचे।
हालत गंभीर होने के कारण यहां से दोनों युवकों को बहराइच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बहराइच से भी एक युवक को बाद में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया। घटना के बाद परिवारीजन घर छोड़ कर फरार हैं। वहीं इकौना पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार करते हुए जांच कराने की बात कही है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरी तरहर के मजलरा आचार्य पुरवा निवासी राजेश गोस्वामी पुत्र मिश्रीलाल गोस्वामी के पुत्र की मंगलवार को बरही थी। इसके लिए उसके घर में मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इसमें शामिल होने के लिए थाना क्षेत्र के मरवतिया निवासी राजेश का साला भी पहुंचा था। देर रात कार्यक्रम में राजेश के साले ने अचानक अवैध असलहे से फायरिंग शुरू कर दी।
स दौरान कुछ छर्रे कार्यक्रम में मौजूद सेमरी तरहर निवासी रमेश उर्फ बड़के (20) पुत्र टहलू व मनोहरापुर निवासी बिंदे (26) पुत्र राजितराम के लग गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर जानकारी के बाद परिवारीजन दोनों को लेकर रात में ही संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचे।
हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। वहीं रमेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे बहराइच से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिवारीजन घर छोड़ कर मौके से फरार हो गए। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक इकौना हरी सिंह बताते हैं कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं थी। बीट के दरोगा को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है।