नवाबगंज (बहराइच)। स्कूल के लिए निकलीं जूनियर व प्राथमिक कक्षा की दो छात्राएं संदिग्ध हालात में लापता हो गई हैं। दोनों के परिवारीजनों ने छात्राओं के अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय से सटे गांव की 14 वर्षीय किशोरी एक निजी स्कूल में जूनियर की छात्रा है, जबकि उसके पड़ोस में रहने वाली नौ साल की बालिका प्राथमिक विद्यालय की छात्रा है।
दोनों छात्राएं प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह नौ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं लेकिन शाम को घर नहीं लौटीं। दोनों छात्राओं के परिवारीजन विद्यालय पहुंचे तो पता चला कि छात्राएं स्कूल पहुंची ही नहीं हैं।
काफी खोजबीन के बाद भी छात्राओं का कोई सुराग नहीं लगा। इस पर परिवारीजनों ने थाने में छात्राओं के अपहरण की तहरीर दी है। दोनों परिवारों ने गांव के कुछ लोगों से रंजिश की बात भी बताई है।
आशंका जताई है कि रंजिश के चलते छात्राओं को अगवा किया गया हो। हालांकि, इस मामले में अभी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है।
एसओ बोले, कहीं टहलने गई होंगी आ जाएंगी
दोनों छात्राओं के लापता होने पर मां-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। तहरीर देने के लिए परिवार के लोग जब थाने पहुंचे और छात्राओं के लापता होने की बात बताई तो एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने केस दर्ज करने के बजाए कहा कि छात्राएं कहीं टहलने गई होंगी, आ जाएंगी।
एसओ के इस रवैये पर जब लोग गुस्साए तो उन्होंने तहरीर लेकर जांच कराने की बात कही है।
केस दर्ज कर होगी खोजबीन
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं था। अब पता चला है। घटना की जांच कराकर केस दर्ज कराएंगे। परिवार के लोगों ने जिन लोगों से रंजिश की बात बताई है, उन्हें केंद्र बिंदु बनाकर जांच कराई जाएगी।