बोलेरो सिंबलधार के समीप बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मिहींपुरवा/कैसरगंज (ब्यूरो)। अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोतीपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया। वहीं, कैसरगंज में ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिगनिया गांव निवासी छोटेलाल (18) पुत्र रिक्खीराम बुधवार सुबह पारिवारिक कार्य से मिहींपुरवा गया था। दोपहर 12 बजे के आसपास वह बाइक से गांव लौट रहा था।
छोटेलाल जब लखीमपुर-नानपारा मार्ग पर गायघाट के निकट पहुंचा तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही छोटेलाल की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला।
थानाध्यक्ष डीपी कुशवाहा ने बताया कि रिक्खीराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, कैसरगंज के देवलखा के पास मंगलवार देर रात बाइक और ट्रक में भिड़ंत हो गई।
बाइक सवार गोंडा जिले के थाना कौड़िया सिसईमाफी निवासी रामछबीले वर्मा (40) सहयोगी राजकुमार को बाइक पर बैठाकर बहराइच जा रहे थे। ट्रक की चपेट में आकर दोनों गिर पड़े और ट्रक रामछबीले को रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुका।
मौके पर ही रामछबीले ने दम तोड़ दिया, जबकि राजकुमार घायल हुआ है। वहीं, चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।